Entertainment : टीवी के सबसे चर्चित और आइकॉनिक शोज़ में शामिल ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’ एक बार फिर सुर्खियों में है। हाल ही में जारी किए गए नए प्रोमो ने दर्शकों को भावनात्मक झटका दे दिया है। इस प्रोमो में अमर उपाध्याय द्वारा निभाए जा रहे मिहिर विरानी के किरदार को एक भीषण सड़क हादसे का शिकार होते दिखाया गया है, जिसके बाद सोशल मीडिया पर अटकलों का बाजार गर्म हो गया है। प्रोमो की शुरुआत गोवर्धन विरानी ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज और शांति निकेतन हवेली में मचे कोहराम से होती है। परिवार की संपत्तियां नीलामी के कगार पर हैं और चारों तरफ तनाव का माहौल है। इसी बीच तुलसी मिहिर से बात करती नजर आती है और उसे समझाने की कोशिश करती है कि उसने जो फैसले लिए, वे किसी के बहकावे में आकर थे। तुलसी अपने परिवार और विरासत को बचाने की आखिरी कोशिश करती दिखती है।
इसके बाद कहानी एक फ्लैशबैक में जाती है, जहां मिहिर परिवार की हालत और तुलसी की मजबूरी पर गहराई से सोचते हुए नजर आते हैं। अचानक प्रोमो एक डरावना मोड़ ले लेता है। तूफानी रात में मिहिर नशे की हालत में एक सुनसान सड़क पर गाड़ी चलाता है। तेज रफ्तार में गाड़ी का संतुलन बिगड़ जाता है और वह स्पीड ब्रेकर पार करते हुए बिजली के खंभे से टकरा जाती है। इस एक्सीडेंट के बाद का सीन बेहद भावुक कर देने वाला है। प्रोमो का अंत तुलसी के स्तब्ध चेहरे पर होता है, जब कोई पीछे से मिहिर का नाम पुकारता है। यही सीन दर्शकों के मन में सबसे बड़ा सवाल छोड़ देता है—क्या मिहिर की मौत हो चुकी है और क्या तुलसी एक बार फिर विधवा बनने वाली है?
हालांकि मेकर्स ने अभी तक मिहिर के किरदार को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। यह भी संभव है कि यह ट्रैक कहानी में ट्विस्ट लाने के लिए हो और मिहिर चमत्कारिक रूप से बच जाए। लेकिन फिलहाल फैंस सोशल मीडिया पर इस संभावित मौत को लेकर बेहद भावुक नजर आ रहे हैं।
