लखनऊ। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज़ विराट कोहली एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह उनका खेल नहीं बल्कि सोशल मीडिया से जुड़ा एक रहस्यमयी मामला है। गुरुवार रात अचानक विराट कोहली का आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट प्लेटफॉर्म पर नजर आना बंद हो गया, जिसके बाद इंटरनेट पर खलबली मच गई। जैसे ही फैंस ने कोहली की प्रोफाइल सर्च की, उन्हें “यूज़र नॉट फाउंड” जैसा मैसेज दिखाई देने लगा। इसके बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह के कयास लगाए जाने लगे, कुछ लोगों को लगा कि विराट ने खुद अकाउंट डिलीट कर दिया है, जबकि कई यूज़र्स इसे इंस्टाग्राम की ओर से सस्पेंशन से जोड़कर देख रहे हैं।
डिलीट किया गया या हुआ सस्पेंड?
अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि विराट कोहली का अकाउंट किस वजह से गायब हुआ है। न तो विराट कोहली की ओर से और न ही उनकी टीम या इंस्टाग्राम की तरफ से कोई आधिकारिक बयान सामने आया है। इसी कारण यह मामला और भी रहस्यमयी बनता जा रहा है।
सोशल मीडिया पर फैंस की प्रतिक्रियाओं की बाढ़
कोहली के अकाउंट के गायब होते ही ट्विटर (X), फेसबुक और अन्य प्लेटफॉर्म पर फैंस लगातार सवाल कर रहे हैं,
“क्या विराट ने सोशल मीडिया छोड़ दिया?
“क्या इंस्टाग्राम ने अकाउंट सस्पेंड कर दिया?
कुछ यूज़र्स इसे तकनीकी खराबी बता रहे हैं, जबकि कुछ इसे किसी बड़े फैसले से जोड़कर देख रहे हैं।
जल्द सामने आ सकता है सच
फिलहाल पूरा मामला अटकलों के बीच घिरा हुआ है। उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही विराट कोहली या उनकी टीम इस पर स्थिति स्पष्ट करेगी और फैंस को राहत मिलेगी।
