लखनऊ। रायबरेली में विश्व हिंदू रक्षा परिषद के महामंत्री राहुल सिंह द्वारा लगाए गए एक होर्डिंग को लेकर सियासी और सामाजिक विवाद खड़ा हो गया है। होर्डिंग में शंकराचार्य को “रावण” और कांग्रेस नेता राहुल गांधी को “कांग्रेसाचार्य” कहकर संबोधित किया गया है।
इस होर्डिंग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष पंकज तिवारी ने इसे धार्मिक भावनाओं और राजनीतिक मर्यादा को ठेस पहुंचाने वाला बताते हुए राहुल सिंह के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि होर्डिंग की सामग्री की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस सतर्क है।
