- मालविका मोहनन ने पुराने दिनों के दिलचस्प किस्से किए साझा
फिल्मी दुनिया की चमक-दमक से परे सितारों की निजी ज़िंदगी के किस्से अक्सर फैंस को सबसे ज़्यादा आकर्षित करते हैं। ऐसी ही एक दिलचस्प कहानी सामने आई है प्रभास की फिल्म ‘द राजा साब’ में नजर आ रहीं एक्ट्रेस मालविका मोहनन की, जिन्होंने हाल ही में अपने बचपन से जुड़ा एक खास राज साझा किया है। मालविका ने खुलासा किया कि वह कभी बॉलीवुड स्टार विक्की कौशल की पड़ोसन हुआ करती थीं।
मालविका मोहनन इन दिनों अपनी नई फिल्म ‘द राजा साब’ को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म में प्रभास के साथ उनकी केमिस्ट्री को लेकर दर्शकों की मिली-जुली प्रतिक्रिया सामने आ रही है। इसी बीच एक इंटरव्यू में मालविका ने अपनी निजी जिंदगी से जुड़ी यादें ताजा कीं, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।

रणवीर अल्लाहबादिया के साथ बातचीत में मालविका ने बताया कि वह और विक्की कौशल बचपन में एक ही इलाके में रहते थे। दोनों की दोस्ती इतनी पुरानी है कि वे साथ में बर्थडे पार्टियों में जाया करते थे और बचपन के खेल भी साथ खेले हैं। मालविका के मुताबिक, उस वक्त न तो स्टारडम था और न ही फिल्मों की दुनिया की कोई चर्चा—बस दोस्ती थी और मासूमियत।
मालविका ने मुस्कुराते हुए बताया कि उनकी मां हाथ का बना मलयाली खाना बेहद स्वादिष्ट होता था। इसी वजह से विक्की कौशल अक्सर उनके घर आया करते थे। साथ बैठकर खाना, हंसी-मजाक और ढेर सारी बातें—ये सब उनकी बचपन की यादों का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि तब किसी को अंदाजा भी नहीं था कि दोनों आगे चलकर फिल्मी दुनिया के जाने-माने चेहरे बन जाएंगे।

एक्ट्रेस ने यह भी बताया कि वे कभी एक-दूसरे के करियर पर चर्चा नहीं करते। हालांकि, उन्होंने विक्की की फिल्म ‘छावा’ की तारीफ जरूर की थी। मालविका ने विक्की की एक खास आदत का जिक्र करते हुए कहा कि वह बचपन से ही बेहतरीन डांसर रहे हैं। बर्थडे पार्टी में होने वाले खेलों में विक्की हमेशा डांस का जिम्मा संभालते थे।
करियर की बात करें तो मालविका ने साल 2013 में मलयालम फिल्म ‘पट्टम पोल’ से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी, जबकि विक्की कौशल ने 2015 में ‘मसान’ से बॉलीवुड में कदम रखा। उम्र में विक्की भले ही मालविका से बड़े हैं, लेकिन करियर की शुरुआत मालविका ने पहले की थी।
आज दोनों कलाकार अपने-अपने करियर में ऊंचाइयों पर हैं, लेकिन उनकी यह बचपन की दोस्ती फैंस के लिए किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है।
