नया लुक ब्यूरो
देहरादून। उत्तराखंड में शुष्क मौसम के चलते पर्वतीय क्षेत्रों की अपेक्षा मैदानी इलाकों में ज्यादा ठंड पड़ रही है। शुष्क मौसम के कारण पाला और कोहरा परेशान कर रहा है। मैदानी क्षेत्रों में घने कोहरे के कारण हांड़ कंपाने वाली ठंड हो रही है, जबकि पर्वतीय इलाकों में पाला पड़ने के कारण लोगों की दुश्वारियां बढ़ रही है। ज्यादातर मैदानी क्षेत्रों में तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है।
मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क बना रहेगा। आज पहाड़ों में पाला पड़ने और मैदानी क्षेत्रों में घना कोहरा छाने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। देहरादून में सोमवार को सुबह के समय हल्की धुंध छाई रही, लेकिन दिन के समय तेज धूप निकल आई, जिससे ठंड से कुछ हद तक राहत मिली। सोमवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 21.6 और न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस रहा। उधम सिंह नगर का अधिकतम तापमान 16.8 और न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस रहा। मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान और न्यूनतम तापमान 4.1 डिग्री सेल्सियस रहा। नई टिहरी का अधिकतम तापमान 16.2 और न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
सर्दी के बढ़ते प्रकोप के चलते अस्पतालों में सर्दी-खांसी के मरीजों की संख्या भी बढ़ रही है। चिकित्सकों के अनुसार शुष्क मौसम होने के चलते लोगों को सांस लेने में तकलीफ, सर्दी-जुकाम की समस्या हो रही है। डॉक्टर ने लोगों को ठंड से बचने और गुनगुना पानी पीने की राय दी है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, प्रदेश में फिलहाल अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। आज हरिद्वार, उधम सिंह नगर के साथ ही नैनीताल, चंपावत, पौड़ी और देहरादून के मैदानी क्षेत्रों में कहीं-कहीं घना कोहरा छाने और पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं पाला पड़ने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। उधम सिंह नगर और हरिद्वार में कहीं कहीं शीत दिवस की स्थिति भी बनी रहेगी। आगामी 17 जनवरी को मौसम में बदलाव आने के आसार हैं।
