उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहां ड्यूटी के दौरान एक सब-इंस्पेक्टर की हार्ट अटैक से मौत हो गई। सब-इंस्पेक्टर कुंवरपाल एक किशोरी के शव का पोस्टमार्टम कराने सिविल लाइंस स्थित पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें सीने में तेज दर्द महसूस हुआ।
जानकारी के अनुसार, 55 वर्षीय सब-इंस्पेक्टर कुंवरपाल मूल रूप से बुलंदशहर जिले के नरौरा के रहने वाले थे और वर्तमान में संभल जिले के चंदौसी में निवास कर रहे थे। सोमवार को वह एक किशोरी के पोस्टमार्टम से जुड़ी कानूनी औपचारिकताओं को पूरा करने के लिए बदायूं के सिविल लाइंस क्षेत्र स्थित पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे थे।
पोस्टमार्टम हाउस परिसर में मौजूद लोगों ने बताया कि अचानक कुंवरपाल की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें तेज सीने में दर्द हुआ, चक्कर आए और देखते ही देखते वह वहीं जमीन पर गिर पड़े। यह दृश्य देखकर वहां अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत उन्हें संभालने की कोशिश की। पुलिस उपाधीक्षक देवेंद्र सिंह ने बताया कि घटना के तुरंत बाद पुलिसकर्मियों ने सब-इंस्पेक्टर कुंवरपाल को CPR दिया। हालत गंभीर देख उन्हें आनन-फानन में जिला अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण हार्ट अटैक बताया जा रहा है।
उत्तर प्रदेश में कैबिनेट विस्तार की चर्चाओं के बीच पीएम मोदी से सीएम योगी की घंटे भर चली मुलाकात
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। सब-इंस्पेक्टर के परिजनों को भी सूचना दे दी गई है। परिवार के सदस्य बदायूं के लिए रवाना हो चुके हैं। पुलिस विभाग में इस अचानक हुई मौत से शोक की लहर दौड़ गई है। वहीं, इससे जुड़ी एक और घटना दो दिन पहले हरिद्वार से सामने आई थी। हर की पैड़ी पर गंगा आरती के दौरान गुजरात से आए एक श्रद्धालु को अचानक हार्ट अटैक आ गया। श्रद्धालु अचेत होकर गिर पड़े, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृत श्रद्धालु की पहचान जगदीश भाई गोकाणी के रूप में हुई, जो गुजरात के सोमनाथ स्थित बेरावल के निवासी थे। वे अपने परिवार के साथ गंगा स्नान के लिए हरिद्वार पहुंचे थे। इन दोनों घटनाओं ने एक बार फिर अचानक हार्ट अटैक के बढ़ते मामलों को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
