प्रतापगढ़ जिले के अंतू थाना क्षेत्र में आयोजित थाना समाधान दिवस पर उपजिलाधिकारी नैन्सी सिंह ने अचानक निरीक्षण किया। कोतवाली पहुंचकर उन्होंने लेखपालों के देर से आने पर कड़ी फटकार लगाई और चेतावनी दी कि भविष्य में देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी, अन्यथा सख्त कार्रवाई होगी। एक प्रमुख शिकायत नगर पंचायत गड़वारा के निवासी श्याम नारायण पाण्डेय ने दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनके घर के सामने आरसीसी रोड के किनारे नाली निर्माण को शिव मोहन पाण्डेय ने रोक दिया, जिससे 15 घरों का पानी उनके दरवाजे पर जमा हो रहा है। इससे बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ गया है।
SDM नैन्सी सिंह और नायब तहसीलदार दिनेश चंद्र तिवारी तुरंत मौके पर पहुंचे। शिकायत सत्य पाए जाने पर ग्रामवासियों से नाली खुदवाकर पानी की निकासी कराई गई, जिससे स्थानीय लोगों को तत्काल राहत मिली। इस समाधान दिवस में कुल 27 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 7 का आपसी समझौते से मौके पर निपटारा किया गया। शेष शिकायतों के लिए जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी के निर्देशानुसार राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। अन्य लेखपालों को भी सम्बन्धित क्षेत्रों में भेजकर निस्तारण सुनिश्चित कराया गया। यह पहल जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान में प्रभावी साबित हो रही है।
