- कचहरी से लेकर इलाके में फैली सनसनी
ए अहमद सौदागर
लखनऊ। सात जून 2023 में राजधानी लखनऊ के कैसरबाग स्थित सेशन कोर्ट में भरी अदालत में मुख्तार गैंग के शूटर संजीव माहेश्वरी उर्फ जीवा की हुई हत्या का मामला शांत भी नहीं पड़ा था कि बुलन्दशहर जिले के नगर क्षेत्र में अदालत के बाहर मंगलवार दोपहर उस समय अचानक हड़कंप मच गया जब एक युवती के साथ स्टूडियो में फोटो खिंचवाने पहुंचे हिस्ट्रीशीटर नहीफ की ताबड़तोड़ चाकू से वारकर हत्या कर दी गई। दिनदहाड़े हुई हत्या से इलाके में सनसनी फ़ैल गई। बताया जा रहा है कि मृतक हिस्ट्रीशीटर अपने सौतेले पिता के रिश्तेदार की लड़की को तीन दिन पहले बहला-फुसलाकर ले गया था। इस मामले में मंगलवार ही घरवालों ने ही रिपोर्ट दर्ज कराई थी । सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस आनन-फानन में घायल को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के मुताबिक बुलन्दशहर जिले के नगर कोतवाली क्षेत्र के मदीना मस्जिद निवासी 25 वर्षीय नहीफ के पिता की कुछ वर्ष पहले मौत हो गई थी। इसके बाद नहीफ की मां ने दूसरे व्यक्ति से शादी कर ली थी। बताया जा रहा है कि तीन दिन पहले नहीफ अपने सौतेले पिता की एक रिश्तेदार की लड़की को बहला-फुसलाकर भगा ले गया था। इस मामले में लड़की के पिता ने मंगलवार नगर कोतवाली आरोपी नहीफ के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया था। बताया जा रहा है कि मंगलवार को लड़की को साथ लेकर नहीफ कचहरी के बाहर पहुंचा और वहां एक फोटो स्टूडियो में पहुंचकर फोटो खिंचवाने लगा। इसी दौरान एक बाइक पर दो-तीन लोग पहुंचे और स्टूडियो में घुस कर नहीफ के ऊपर ताबड़तोड़ से चाकू से वारकर गला रेत दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
ये भी पढ़े
घटना को अंजाम देने के बाद कातिल मौके से भाग निकले। बताया जा रहा है कि यह घटना किसी सुनसान जगह नहीं बल्कि कचहरी के गेट नंबर चार के पास हुई । सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसपी सिटी, एएसपी और नगर कोतवाल सहित कई पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंच गए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। स्ट्रीशीटर नहीफ अपने सौतेले पिता की रिश्तेदार लड़की को बहला-फुसलाकर भगा ले गया था। मंगलवार को दोपहर के समय हिस्ट्रीशीटर नहीफ और लड़की कचहरी परिसर आए थे। उसी दौरान युवक की हत्या को अंजाम दिया गया है। बताया जा रहा है कि लड़की के भाई सहित अन्य लोगों पर हत्या किए जाने का आरोप है। पुलिस तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज हत्यारों की तलाश में उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। एसपी बुलन्दशहर दिनेश कुमार सिंह का कहना है कि जल्द ही कातिलों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।
