नई दिल्ली। ICC T20 वर्ल्ड कप में अपने दूसरे मुकाबले से पहले भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है। टीम के विस्फोटक ओपनर अभिषेक शर्मा को पेट में गंभीर संक्रमण के चलते अचानक अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है। उनकी तबीयत लगातार बिगड़ने के कारण नामीबिया के खिलाफ भारत के अगले मुकाबले में उनका खेलना फिलहाल संदिग्ध माना जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, अभिषेक अमेरिका के खिलाफ पिछले मैच से पहले ही अस्वस्थ थे। सात फरवरी को खेले गए T20 वर्ल्ड कप के ओपनर मुकाबले के बाद उनकी हालत और ज्यादा खराब हो गई। मुंबई में उन्हें तेज बुखार की शिकायत हुई, जिसके बाद तुरंत ड्रिप्स दी गईं। बावजूद इसके तबीयत में सुधार नहीं हुआ और अब उन्हें नई दिल्ली में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ये भी पढ़े
ट्रेनिंग से भी रहे दूर, संक्रमण की पुष्टि
बाएं हाथ के बल्लेबाज अभिषेक शर्मा मंगलवार को अरुण जेटली स्टेडियम में हुए भारतीय टीम के पहले अभ्यास सत्र में शामिल नहीं हो सके। टीम मैनेजमेंट की ओर से आधिकारिक तौर पर इसे “पेट खराब” बताया गया है, लेकिन TimesofIndia.com के मुताबिक वह पेट के संक्रमण से जूझ रहे हैं। इस मामले पर सहायक कोच रयान टेन डोशेट ने मीडिया से कहा… अभी अभिषेक को पेट से जुड़ी दिक्कतें हैं। हमें उम्मीद है कि वह दो दिन में ठीक होकर मैच के लिए उपलब्ध हो जाएंगे।
मैदान पर भी नहीं कर सके फील्डिंग
T20 वर्ल्ड कप के ओपनर मैच में गोल्डन डक पर आउट होने के बाद अभिषेक शर्मा फील्डिंग के लिए मैदान पर नहीं उतरे। वह न तो डगआउट में दिखे और न ही ड्रेसिंग रूम में। पूरी पारी के दौरान संजू सैमसन ने फील्डिंग संभाली, जबकि खिलाड़ियों की कमी के चलते फील्डिंग कोच टी दिलीप को बिब पहनकर कुलदीप यादव के साथ ड्रिंक्स ड्यूटी निभानी पड़ी। दरअसल, वाशिंगटन सुंदर अभी टीम से नहीं जुड़े थे, वहीं जसप्रीत बुमराह भी अस्वस्थ थे। हालांकि बुमराह कुछ देर के लिए ड्रिंक्स ब्रेक के दौरान मैदान पर आए, लेकिन ज्यादातर जिम्मेदारी कुलदीप और दिलीप को निभानी पड़ी। मैच के बाद भी अभिषेक टीम के साथ हाथ मिलाने नहीं आए।
ये भी पढ़े
गंभीर दिखे गौतम गंभीर, टीम संयोजन बदलने के संकेत
अभिषेक शर्मा टीम के साथ दिल्ली जरूर पहुंचे, लेकिन पिछले 24 घंटे में उनकी तबीयत और बिगड़ गई। 8 फरवरी को उन्हें मुख्य कोच गौतम गंभीर के घर के बाहर अन्य खिलाड़ियों के साथ देखा गया, जहां वह अस्वस्थ नजर आए। अमेरिका के खिलाफ मुकाबले के दौरान जब अभिषेक आउट हुए, तब गंभीर काफी चिंतित दिखे और उन्होंने संक्षेप में कहा- “आराम से, जल्दी खा लियो।
अब सबकी नजरें अभिषेक शर्मा की फिटनेस पर
T20 वर्ल्ड कप जैसे बड़े टूर्नामेंट में अभिषेक शर्मा की गैरमौजूदगी भारतीय बल्लेबाजी क्रम को बड़ा नुकसान पहुंचा सकती है। टीम मैनेजमेंट उनकी सेहत पर लगातार नजर बनाए हुए है और अंतिम फैसला मैच से पहले लिया जाएगा।
