विजय कुमार
सिद्धौर/बाराबंकी। बाराबंकी जिले के सिद्धौर ब्लॉक मुख्यालय परिसर में पूर्व सांसद स्वर्गीय कमला प्रसाद रावत के नाम पर क्षेत्र पंचायत निधि से बन रहे गेस्ट हाउस के निर्माण में गंभीर अनियमितता सामने आई है। ठेकेदार ने जेसीबी मशीन से परिसर की लाखों रुपये की बाउंड्री वॉल को क्षतिग्रस्त कर दिया। लगभग 20 मीटर लंबी दीवार ढह गई, साथ ही एक निष्प्रयोज्य कक्ष पूरी तरह ध्वस्त हो गया।

तोड़े गए हिस्सों का मलबा ठेकेदार ने गेस्ट हाउस की नींव में भर दिया। नींव खोदाई के दौरान पुरानी ईंटों को तोड़कर गिट्टी के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है। यह कार्य गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का उल्लंघन है, जिससे भवन की मजबूती पर खतरा मंडरा रहा है।
ये भी पढ़े
गोरखपुर में अपने बर्थडे पर युवक को गोली मारने वाली लड़की निकली ब्लैकमेलर
गेस्ट हाउस का उद्देश्य आने-जाने वाले यात्रियों व अधिकारियों के लिए ठहरने की सुविधा प्रदान करना है, लेकिन ऐसी लापरवाही से सार्वजनिक धन का दुरुपयोग हो रहा है। स्थानीय लोगों ने इसकी शिकायत की है। प्रशासन को ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई, निर्माण रोकने और दोषियों पर जुर्माना लगाने की मांग है। जांच आवश्यक है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।
