उमेश चन्द्र त्रिपाठी
महराजगंज। जिले में Special Intensive Revision को लेकर जिला प्रशासन ने जनता से सीधा संवाद स्थापित करने की नई पहल की। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने खुद फोन पर लोगों की बातें सुनीं और मामले को समझा। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने SIR प्रक्रिया को और पारदर्शी व प्रभावी बनाने के लिए मंगलवार को टोल-फ्री नंबर के माध्यम से जनता से सीधे बातचीत की। यह पहल जिले में पहली बार की गई।
जिसमें लोग बिना किसी हिचक अपनी बात DM तक पहुंचा सके। निर्धारित समय में कुल 37 फोन कॉल आए, जिनमें सभी पांचों विधानसभा क्षेत्रों महराजगंज, पनियरा, फरेंदा, निचलौल और सिसवा से लोगों ने भागीदारी की। इन कॉलों में SIR से संबंधित सुझाव, शिकायतें और जमीनी स्तर की समस्याएं सामने आईं।
DM ने बताया कि यह फीडबैक अभियान जनता की वास्तविक स्थिति जानने और प्रक्रिया में सुधार लाने के उद्देश्य से किया गया था। प्राप्त शिकायतों में किसी का नाम शामिल नहीं है, जिससे लोगों ने निर्भीक होकर बात रखी। उन्होंने कहा कि टोल-फ्री नंबर पर मिली सभी शिकायतों और सुझावों का संज्ञान लिया गया है और उनके आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
