- युद्धविराम की मांग तेज, डेमोक्रेट बोले-बिना रणनीति शुरू हुआ युद्ध, अमेरिका को भारी नुकसान
नई दिल्ली। अमेरिका में ईरान के साथ जारी युद्ध को लेकर सियासत तेज हो गई है। डेमोक्रेटिक पार्टी के वरिष्ठ सांसदों ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की रणनीति पर तीखा हमला बोला है और तत्काल युद्धविराम की मांग की है। अमेरिकी संसद की विदेश मामलों की समिति से जुड़े नेताओं ने कहा कि एक महीने से ज्यादा समय बीतने के बावजूद इस युद्ध के कोई ठोस नतीजे सामने नहीं आए हैं।
रणनीति पर उठे बड़े सवाल
डेमोक्रेट नेताओं ने संयुक्त बयान में कहा कि ट्रंप प्रशासन ने बिना स्पष्ट योजना के यह युद्ध शुरू किया। उनका आरोप है कि अब तक न तो कोई बड़ा सैन्य लक्ष्य हासिल हुआ है और न ही स्थिति में सुधार दिख रहा है। नेताओं का कहना है कि इस युद्ध का ईरान के परमाणु कार्यक्रम, मिसाइल क्षमता या आतंकी संगठनों को समर्थन देने की नीति पर कोई खास असर नहीं पड़ा है। साथ ही, ईरान की आम जनता को भी इस संघर्ष से कोई राहत नहीं मिली है।
ये भी पढ़ें
मिडिल ईस्ट तनाव के बीच भारत का बड़ा फैसला, पेट्रोकेमिकल आयात हुआ सस्ता
भारी कीमत चुका रहा अमेरिका
डेमोक्रेट सांसदों के मुताबिक, इस युद्ध की कीमत अमेरिका को भारी पड़ रही है। अब तक 13 अमेरिकी सैनिकों की मौत हो चुकी है और सैकड़ों घायल हुए हैं। इसके अलावा अरबों डॉलर के हथियार और सैन्य उपकरण भी नष्ट हुए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि इस संघर्ष में हजारों ईरानी नागरिकों की जान गई है, जिनमें 150 से ज्यादा स्कूली लड़कियां शामिल हैं।
वैश्विक असर भी गहराया
डेमोक्रेट नेताओं ने कहा कि इस युद्ध का असर सिर्फ अमेरिका या ईरान तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरी दुनिया इसकी चपेट में है। तेल, खाद और हीलियम जैसी जरूरी वस्तुओं की सप्लाई प्रभावित हुई है, जिससे वैश्विक अर्थव्यवस्था पर दबाव बढ़ा है। साथ ही मध्य पूर्व में तनाव और ज्यादा बढ़ गया है।
सहयोगी देशों से बिगड़े रिश्ते
नेताओं ने आरोप लगाया कि ट्रंप की नीतियों के कारण अमेरिका के कई पारंपरिक सहयोगी देश नाराज हो गए हैं और इस युद्ध में साथ देने से पीछे हट रहे हैं। उनका कहना है कि खराब कूटनीति के चलते अमेरिका की वैश्विक स्थिति कमजोर हुई है।
ये भी पढ़ें
होर्मुज की लहरों में डूबता सुपर पावर का गुमान और हार को जीत बताता ट्रंप का प्रलाप
युद्धविराम की मांग
डेमोक्रेट नेताओं ने राष्ट्रपति से अपील की है कि वे तुरंत ईरान के साथ युद्धविराम के लिए बातचीत शुरू करें और कूटनीतिक समाधान तलाशें। उनका कहना है कि यही एकमात्र रास्ता है जिससे इस संघर्ष को रोका जा सकता है, वरना यह एक लंबा और नुकसानदायक युद्ध बन सकता है।
