जमशेदपुर। शहीद दिवस के अवसर पर भगत सिंह, शिवराम राजगुरु और सुखदेव थापर को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, जमशेदपुर द्वारा गोलमुरी स्थित शहीद स्मारक पर कार्यक्रम का आयोजन पूरे सम्मान और देशभक्ति के उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां भारती के पूजन, दीप प्रज्ज्वलन और पुष्पांजलि अर्पण से हुई। परिषद के अध्यक्ष विनय कुमार यादव मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

वरिष्ठ सदस्य सुखविंदर सिंह ने सभी वीर शहीदों को नमन करते हुए कहा कि उन्होंने देश के लिए अपने प्राण न्योछावर कर सर्वोच्च बलिदान दिया। इसके बाद परिषद के सभी सदस्यों ने बारी-बारी से श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस आयोजन की खास बात यह रही कि थल सेना, वायु सेना और नौसेना से सेवानिवृत्त सैनिकों की सक्रिय भागीदारी ने कार्यक्रम को और भी गौरवपूर्ण बना दिया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी सदस्यों ने एक स्वर में संकल्प लिया…“देश न कभी झुका है, न कभी झुकेगा। अंत में “भारत माता की जय” और “वीर शहीद अमर रहें” के नारों से पूरा वातावरण देशभक्ति से गूंज उठा।
प्रमुख उपस्थित सदस्य
सुखविंदर सिंह, मनोज कुमार सिंह, विश्वजीत, सी.सी. पूरी, उमेश शर्मा, राजीव कुमार, शैलेंद्र कुमार, संजय सिंह, बिरजू, दया भूषण, अनिल कुमार सिंह सहित अन्य पूर्व सैनिक मौजूद रहे।
