कमलेश कमल
नई दिल्ली। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) द्वारा आयोजित 26वीं अखिल भारतीय पुलिस लॉन टेनिस चैंपियनशिप 2025–26 का आज नई दिल्ली स्थित आर.के. खन्ना स्टेडियम में भव्य समापन समारोह के साथ सफलतापूर्वक समापन हो गया।

समारोह के मुख्य अतिथि तपन कुमार डेका (निदेशक, खुफिया ब्यूरो) रहे।उन्होंने आईटीबीपी, अखिल भारतीय पुलिस खेल नियंत्रण बोर्ड तथा देशभर से आए विभिन्न राज्य एवं केंद्रीय पुलिस बलों के प्रतिभागियों और निर्णायकों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।

अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन उभरती प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करते हैं, जिससे खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर सकते हैं। उन्होंने पुलिस बलों में लॉन टेनिस की समृद्ध परंपरा की सराहना करते हुए इसे अनुशासन, समर्पण और उत्कृष्टता का प्रतीक बताया।

उन्होंने यह भी कहा कि खेल आयोजन युवाओं को प्रेरित करते हैं और देश में सकारात्मक खेल संस्कृति को बढ़ावा देते हैं। साथ ही, पुलिस बलों की आंतरिक सुरक्षा में भूमिका और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में उनके समर्पण की भी सराहना की।

ITBP के महानिदेशक शत्रुजीत कपूर ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए चैंपियनशिप का विवरण प्रस्तुत किया और खेलों के प्रोत्साहन के प्रति बल की प्रतिबद्धता दोहराई। वहीं, अतिरिक्त महानिदेशक (मुख्यालय) संजय गुंज्याल ने धन्यवाद ज्ञापन दिया।

इस चैंपियनशिप में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों एवं राज्य पुलिस बलों की 23 टीमों के 135 खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान 12 स्वर्ण और 12 रजत सहित कुल 24 पदकों के लिए मुकाबले हुए। टीम स्पर्धा में ITBP समग्र विजेता रही, जबकि सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने दूसरा स्थान हासिल किया। समापन समारोह में विभिन्न केंद्रीय एवं राज्य पुलिस बलों के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
