भिण्ड : जिले के देहात थाना क्षेत्र में रविवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है, जिसने इलाके में हड़कंप मचा दिया। यादव नगर इलाके में तेज रफ्तार कार डिवाइडर तोड़ते हुए सड़क की दूसरी ओर जा पलटी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। इस भयावह हादसे का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
ये भी पढ़े
ग्रेटर नोएडा में 90 डिग्री मोड़ बना मौत का खतरा, कोहरे में नाले में गिरी कार, बाल-बाल बचे दो लोग
जानकारी के मुताबिक, ग्वालियर से भिंड की ओर आ रही एक कार रविवार सुबह अनियंत्रित हो गई। तेज रफ्तार के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और कार पहले डिवाइडर से टकराई। इसके बाद डिवाइडर को तोड़ते हुए कार सड़क की दूसरी ओर जा पहुंची और कई बार पलटी खाते हुए आखिरकार उल्टी होकर रुक गई। हादसा इतना भयानक था कि कार के परखच्चे उड़ गए। वाहन में सवार चंदू प्रजापति नामक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अंकुश नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।
ये भी पढ़े
CCTV फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि कार किस तरह तेज गति से आती है, डिवाइडर तोड़ती है और फिर सड़क पार कर पलट जाती है। हादसे के बाद पीछे की सीट पर बैठा एक युवक किसी तरह बाहर निकलता है और कार के अंदर फंसे लोगों को देखने लगता है। कुछ ही देर में दूसरा युवक भी बाहर आता है और आगे की सीट में फंसे घायलों को बाहर निकालने की कोशिश करता है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार बताई जा रही है। गौरतलब है कि हाल के दिनों में भिंड और ग्वालियर क्षेत्र में सड़क हादसों की संख्या लगातार बढ़ रही है। कुछ दिन पहले ही ग्वालियर में ट्रक और कार की आमने-सामने की टक्कर में चार लोगों की मौत हो चुकी है।
