लखनऊ खेल महोत्सव में होंगी सात खेलों की प्रतियोगिताएं
लखनऊ। क्रीड़ा भारती का लखनऊ खेल महोत्सव सीजन-2 पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की को समर्पित होगी। इसके तहत अटल लखनऊ खेल महोत्सव की शुरुआत 14 दिसम्बर को अटल रन के साथ होगी। इसमें लखनऊ और अन्य जिलों को हजारों महिला एवं पुरुष खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। इसके साथ ही पूरे लखनऊ में फुटबाल, एथलेटिक्स, वालीबाल, खो-खो, कबड्डी, रस्साकसी एवं बास्केटबाल की प्रतियोगिताएं होंगी। सभी के फाइनल केडी सिंह बाबू स्टेडियम में 23 दिसम्बर होंगे। 24 दिसम्बर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पुरस्कार वितरण करेंगे।
इन खेलों की तैयारी के लिए रविवार को केडी सिंह बाबू स्टेडियम में क्रीड़ा भारतीय के प्रदेश अध्यक्ष इंजीनियर अवनीश कुमार सिंह की अध्यक्षता में एक बैठक हुई। बैठक में क्रीड़ा भारती के महानगर अध्यक्ष एवं सेंट जोसेफ ग्रुप आफ इंस्टीट्यूशन के प्रबंध निदेशक अनिल अग्रवाल ने बताया कि अटल रन में महिला और पुरुषों को दो वर्गों दौड़ होगी। सीनियर वर्ग में आठ किलोमीटर और जूनियर वर्ग मे पांच किलोमीटर की दौड़ होगी। इसके अलावा दो किलोमीटर की सेलेब्रेटी रन होगी। इसमें किसी भी आयु के महिला, पुरुष और बच्चे हिस्सा ले सकते हैं। दोनों वर्गों को विजेताओं को 10-10 हजार, दूसरे स्थान पर रहने वाले को सात-सात हजार और तीसरे स्थान पर रहने वाले खिलाड़ियों को पांच-पांच हजार के नगद पुरस्कार दिए जाएंगे। इसके अलाव चौथे से छठे स्थान पर रहने वाले खिलाड़ियों को भी नगद पुरस्कार दिए जाएंगे।