
पूर्णिया। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने वर्ष 2024 के चुनाव में 2015 से भी बड़ा रिकॉर्ड बनाने का दावा किया और भारतीय जनता पार्टी (BJP) को चेतावनी देते हुए आज कहा कि कोई अब भ्रम में न रहे, वह और नीतीश कुमार एक हो गए हैं और महागठबंधन BJP का सफाया करने के लिए तैयार है। यादव ने शनिवार को यहां रंगभूमि मैदान में आयोजित महागठबंधन की रैली को ऑनलाइन संबोधित करते हुए कहा कि बिहार की जनता ने जो ताकत वर्ष 2015 के विधानसभा चुनाव में दिखायी थी उससे अधिक ताकत वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव और 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में दिखाकर बड़ा रिकॉर्ड बनाना है। उन्होंने कहा, कि कोई अब भ्रम में न रहे हम और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक हो गए हैं और आगे भी साथ रहेंगे। अब हमें कोई नहीं तोड़ सकता। महागठबंधन BJP का सफाया करने को तैयार है।
राजद प्रमुख ने BJP को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का मुखौटा बताया और कहा कि उन्होंने आठ वर्ष पहले कहा था कि अगले चुनाव में भारत टूटेगा या जुटेगा। आज स्थिति ऐसी है कि वह (BJP-RSS) देश को टुकड़े करने में लगे हैं। उन्होंने कहा कि BJP पार्टी नहीं बल्कि RSS का मुखौटा है। जैसा वह चाह रहा है वैसा ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर रहे हैं। देश में तानाशाही है और मोदी लोकतंत्र की हत्या करने में लगे हैं। यादव ने कहा कि यदि सभी एकजुट रहेंगे तभी देश रहेगा। यदि हम कमजोर पड़ जाएंगे तो सांप्रदायिक ताकतें हावी हो जाएंगी। उन्होंने कहा कि जब-जब बिहार करवट बदलता है तब-तब देश की हवा अपना रुख बदल लेती है। RSS के रथ को उन्होंने ही बिहार की जनता के सहयोग से रोक दिया था। एक बार फिर बिहार के लोग वर्ष 2024 में RSS और BJP की सरकार को उखाड़ फेकेंगे।
राजद अध्यक्ष ने कहा कि RSS गुरू गोलवलकर का संगठन है, उन्होंने ही लिखा है कि यदि काशी विश्वनाथ मंदिर में कोई दलित पहुंच जाए तो उसे जूते मारकर बाहर कर दो। वह आरक्षण विरोधी रहे हैं और RSS-BJP का भी यही असली रूप है। उन्होंने कहा कि RSS और BJP मिलकर आरक्षण खत्म करना चाहती है। यादव ने कहा कि सीमांचल देश का सर्वाधिक धर्मनिरपेक्ष इलाका है। इसे तोड़ने और यहां के लोगों के बहकाने के लिए बहुत लोग आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों की पहचान कर उन्हें भगा देना है और वर्ष 2024 के चुनाव में उनको जवाब देना है।
राजद अध्यक्ष ने रैली में सशरीर उपस्थित नहीं होने को लेकर अफसोस जताया। इस दौरान वह अपनी बेटी रोहिणी को यादकर काफी भावुक भी हुए। उन्होंने कहा, कि रोहिणी की कुर्बानी से मेरा जीवन बचा है और उसकी वजह से ही आज मैं बोलने के लायक भी हूं। उसके कर्ज को कभी नहीं चुका पाउंगा। इस मौके पर बिहार के उप मुख्यमंत्री एवं यादव के पुत्र तेजस्वी प्रसाद यादव ने अपने संबोधन में कहा कि जब-जब बिहार लड़ता है तब-तब दिल्ली हिल जाती है। BJP समाजवादी विचारधारा को खत्म करना चाहती है। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को धन्यवाद देते हुए कहा, कि आप डरे नहीं और आपने BJP से लड़ने का काम किया।
मुझे प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री बनने की कोई इच्छा नहीं है। बस 2024 में BJP को हटाने और बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के संविधान को बचाना ही एकमात्र लक्ष्य है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि महाराष्ट्र में विधायकों की खरीद-फरोख्त की गई। लेकिन बिहार में यह सफल नहीं होगा। वर्ष 2024 की लड़ाई RSS और BJP वालो से हैं। इसी मैदान में नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2014 में बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने का वादा किया था। अब BJP का जुमला बिहार में नहीं चलने वाला है। तेजस्वी यादव ने कहा कि इस बार के केंद्रीय बजट में बिहार को कुछ नहीं मिला है। BJP ने रेल बेचा, तेल बेचा, BSNL बेचा, LIC को भी बेच दिया। उन्होंने बिहार में जंगलराज के आरोपों पर कहा कि यहां जनता का राज है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को बताना चाहते हैं कि बिहार के लोग बिकाऊ नहीं बल्कि टिकाऊ हैं।