भारत यात्रा को लेकर आलोचनाओं से घिर गए हैं नेपाल के PM पुष्प कमल दहाल

उमेश तिवारी


काठमांडू/नेपाल। नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहाल की बीते सप्ताहांत पूरी हुई भारत यात्रा के बाद नेपाल में उन पर ‘भारत पर निर्भर’ हो जाने के इल्जाम लगाए जा रहे हैं। यह भी कहा जा रहा है कि इस यात्रा के दौरान नेपाल को ज्यादा कुछ हासिल नहीं हुआ। थिंक टैंक सेंटर फॉर सोशल इन्क्लूजन एंड फेडरलिज्म में रिसर्च डायरेक्टर अजय भद्र खनाल ने दहाल की यात्रा से ठीक पहले एक वेबसाइट पर लिखी अपनी टिप्पणी में अनुमान लगाया था कि दहाल की यात्रा का ऐसा ही नतीजा होगा। अब उन्होंने कहा है कि दहाल की यात्रा के बाद नेपाल की भारत पर निर्भरता और भी ज्यादा बढ़ गई है। खनाल ने कहा है कि जरूरत इस ‘निर्भरता’ को ‘एक दूसरे पर निर्भरता’ में बदलने की है। लेकिन अब हालत यह हो गई है कि अगर भारत ने फिर कभी नेपाल पर दबाव बनाया, तो नेपाल के लिए उसका मुकाबला करना कठिन साबित होगा।

अखबार काठमांडू पोस्ट के संपादक विश्वास बराल ने एक टिप्पणी में लिखा है कि भारत ने दहाल का स्वागत संदेह के साथ किया। इसकी वजह दहाल के बारे में यह धारणा है कि वे एक कमजोर गठबंधन के नेता हैं। साथ ही उनकी ‘चाइना मैन’ (चीन के समर्थक) की छवि है। लेकिन बराल ने लिखा है कि दहाल भारत को खुश रखने की जरूरत बहुत पहले से समझ चुके हैं। नेपाल में परंपरा रही है कि वहां प्रधानमंत्री बनने के बाद कोई नेता अपनी पहली विदेश यात्रा पर भारत जाता है। टीकाकारों ने कहा है कि दहाल ने यह रस्म-अदायगी की, लेकिन वे अपने देश के लिए ज्यादा कुछ हासिल नहीं कर पाए। अखबारी टिप्पणियों में कहा गया है कि भारत से लौटने के बाद अब दहाल की चीन यात्रा की तैयारियां शुरू हो जाएंगी।

बराल ने लिखा है- ‘चीन में दहाल को संभवतः यह मालूम पड़ेगा (यही भारत में हुआ होगा) कि भारत और चीन के साथ संबंध अधिक से अधिक एक दूसरे की कीमत पर होता दिखने लगा है। दोनों को साथ-साथ खुश रखना लगातार अधिक मुश्किल होता जा रहा है। विपक्षी दलों ने भी यह कह कर दहाल की यात्रा को नाकाम बताया है कि वे सीमा विवाद, विमान रूट, पंचेश्वर परियोजना के बारे में नेपाल की मांगों पर भारत को राजी नहीं कर पाए। उन्होंने दोनों देशों के बीच इलाकों की अदला-बदली की बात की। यहां इसका यह अर्थ निकाला गया है कि दहाल ने भारत को यह संकेत दिया कि नेपाल कालापानी इलाके पर से अपना दावा छोड़ने को तैयार है।

दहाल की भारत यात्रा शुरू होने से ठीक पहले नेपाल के राष्ट्रपति रामचंद्र पौड़ेल ने नेपाल के विवादित नागरिकता विधेयक पर दस्तखत कर दिए। विपक्ष का आरोप है कि ऐसा भारत सरकार को खुश करने के लिए किया गया। इसके अलावा कभी अपने को धर्म निरपेक्ष राजनीति का चेहरा बताने वाले दहाल ने भारत में हिंदू धर्म के एक प्रसिद्ध मंदिर का दौरा किया। इसे भी वर्तमान भारत सरकार को खुश करने की कोशिश का हिस्सा बताया गया है। कुछ आलोचकों ने कहा है कि दहाल युवा नेपालियों की भावना को समझने में नाकाम रहे हैं। विश्लेषक सीके लाल ने अखबार कांतिपुर में लिखे एक लेख में कहा है कि धनी नेपालियों को अब काशी और कोलकाता के पुराने सपने दिखा कर लुभाया नहीं जा सकता। इन नेपालियों की नजरें अब सिडनी और न्यूयॉर्क पर टिकी हैं। जानकारों के मुताबिक इस हाल में ‘भारत पर निर्भर’ होने की धारणा दहाल के लिए राजनीतिक नुकसान का सौदा साबित हो सकता है।

International

लोकतांत्रिक नेपाल में उर्दू को मिला बेहतर मुकामः मशहूद नेपाली

मोहम्मद काठमांडू। नेपाल में 18वां लोकतंत्र दिवस धूम धाम से मनाया गया। 18 वर्ष पूर्व आज ही के दिन देश में लंबे संघर्षों के बाद गणराज्य का सूर्योदय हुआ था। राजशाही खत्म होने के बाद लोकतांत्रिक नेपाल में यूं तो ढेर सारे बदलाव हुए जिसमें शिक्षा के क्षेत्र में आया बदलाव सबसे खास है। नेपाल […]

Read More
International

आज विश्व पृथ्वी दिवसः जब तक पठार में पेड़, तब तक बस्तर में पानी

 सूख चुके हैं बहार के नाम से चर्चित बस्तर के हज़ारों नाले  साल वनों के द्वीप बस्तर में रह गया 796 वर्ग किमी साल जंगल  जगदलपुर वन वृत्त में बस गई हैं ढाई सौ से अधिक नई बस्तियां हेमंत कश्यप / जगदलपुर। पहाड़ के ऊपर विशाल मैदान को पठार कहा जाता है और बस्तर दंडकारण्य […]

Read More
International Uncategorized

अर्जेंटीना के राष्ट्रपति को मारने के आरोप में हथियारबंद व्यक्ति गिरफ्तार

ब्यूनस आयर्स| अर्जेंटीना की पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है जो छुरी और अन्य नुकीली वस्तुओं के साथ अर्जेंटीना के राष्ट्रपति जेवियर माइली को मारने के लिए ब्यूनस आयर्स के कासा रोसाडा राष्ट्रपति महल में घुसपैठ करने की कोशिश कर रहा था। यह जानकारी सुरक्षा मंत्री पेट्रीसिया बुलरिच ने दी। श्री बुलरिच ने […]

Read More