उमेश तिवारी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को महराजगंज के धानी ब्लाक में बाढ़ का जायजा लिया। हेलीकाप्टर से हवाई सर्वेक्षण करने के बाद धानी में बाढ़ आपदा से निपटने के लिए किए गए उपायों को देखा। 120 लोगों में राहत सामग्रियों व 19 लोगों में अनुदान का वितरण हुआ। छह लोगों को खुद मुख्यमंत्री ने अपने हाथों से अनुदान वितरित किया। शुक्रवार की सुबह 10.50 बजे मुख्यमंत्री धानी पहुंचे। हेलीकाप्टर से उतरते ही 13 मिनट तक बाढ़ चौकी व बाढ़ आपदा से निपटने के लिए किए गए उपायों का निरीक्षण किया। 11.03 बजे मंच संभालने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने धानी ब्लाक का हवाई सर्वेक्षण कर बाढ़ का हालत का जायजा लिया। अक्टूबर महीने में पहली बार बाढ़ का प्रकोप दिख रहा है।
आपदा से निपटने के लिए सभी अधिकारियों को लगाया गया है और कोई दिक्कत सामने नहीं आने दी जाएगी। केन्द्र व राज्य सरकार ने पीड़ित परिवारों के लिए पर्याप्त व्यवस्था कराई है। राशन किट उपलब्ध कराई जा रही है। बाढ़ से क्षतिग्रस्त हुए मकान पर 1.20 लाख आवास योजना के तहत दिया जाएगा। आपदा में मृत व्यक्ति के परिवार को चार लाख रुपये की सहायता दी जाएगी। इस दौरान 120 लोगों को राहत सामग्री दी गई। अनुदान राशि का वितरण हुआ। इसके बाद 11.10 बजे मुख्यमंत्री रवाना हो गए।