जेल परिसर में हाथों में तिरंगा लेकर निकाली रैली, प्रभातफेरी
जेल परिसर में गूंजता रहा भारत मां का जयकारा
सिद्धार्थनगर। जब सारा देश मुल्क की आजादी की 75वीं सालगिरह आजादी का अमृत महोत्सव के रूप में मना रहा है तब जेल में कैद बंदी कैसे इससे अछूते रह सकते हैं। जेल परिसर में गुरुवार को बंद बंदियों ने प्रभातफेरी के साथ तिरंगा यात्रा निकाली। इस दौरान पूरा परिसर भारत मां के जयकारों से गूंजता रहा। देश की आजादी के 75वें सालगिरह पर इसे हर कोई अपने अंदाज में मना रहा है। शहर से लेकर गांव की गलियों तक में तिरंगा यात्रा निकाल कर लोगों ने राष्ट्रप्रेम का जज्बा भरा जा रहा है। हर घर तिरंगा लगाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
इस यादगार लम्हे के गवाह जेल में बंद बंदी भी बनने को आतुर नजर आए। जेल परिसर में ही उन लोगों ने प्रभात फेरी निकाली, तिरंगा यात्रा निकाल कर भारत मां के जयकारे लगाए। देश की आजादी के बारे में वीर सपूतों के योगदान पर चर्चा की। इससे पूर्व जेल प्रशासन की ओर से जेल से बीएसए ग्राउंड तक प्रभात फेरी निकाली गई। इस दौरान जेल अधीक्षक अभिषेक चौधरी, डिप्टी जेलर पीके सिंह, मंजू बरनवाल आदि मौजूद रहे।