कर्नाटक की पत्थर खदान में विस्फोट 6 लोगों की मौत, जिलेटिन हटाते समय हुआ हादसा
22 जनवरी को भी इसी तरह के हादसे में 6 लोग मारे गए थे

बेंगलुरु/चिकबलपुर (कर्नाटक)। कर्नाटक की एक पत्थर की खदान में बड़ा धमाका हो गया। इसमें 6 लोगों की मौत हो गई। उनके चिथड़े उड़ गए। 31 दिन के भीतर यह दूसरा बड़ा धमाका है। इसके पहले 22 जनवरी को भी इसी तरह का धमाका हुआ था। उसमें भी 6 लोग मारे गए थे। खदानों में आये दिन हो रहे इन धमाकों ने खदान के मजदूरों की सुरक्षा पर सवाल लगा दिया है। पुलिस की रोक के बाद भी अवैध रूप से जिलेटिन लगाने के चलते यह हादसा हुआ।
खबर विस्तार से :
कर्नाटक के चिकबलपुर में पत्थर की एक खदान में मंगलवार को भोर में उस समय विस्फोट हो गया जब मजदूर जिलेटिन की छड़ों को हटा रहे थे। इस हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई।घटना पेरसेंड्रा के पास हिरणागवल्ली में हुई। मुख्यमंत्री बी. एस. येदियुरप्पा के गृह निवास शिवमोगा में 22 जनवरी को भी एक ऐसे ही हादसे में छह लोगों की ही मौत हो गई थी। कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री एवं चिकबलपुर से विधायक के. सुधाकर घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि शव बेहद बुरी हालत में थे। पुलिस के अनुसार, घटना पेरसेंड्रा के पास हिरणागवल्ली में हुई।
स्थानीय लोगों द्वारा जिलेटिन की छड़ों के अधिक इस्तेमाल की शिकायत किए जाने के बाद पुलिस ने सात फरवरी को यहां खनन रोक दिया था, लेकिन अवैध रूप से यहां काम जारी था। कुछ दिन पहले यहां छापा भी मारा गया था और ठेकेदार को जिलेटिन का इस्तेमाल ना करने को लेकर चेतावनी दी गई थी। उन्होंने बताया कि मंगलवार सुबह यह हादसा उस समय हुआ, जब ये लोग जिलेटिन की छड़ें हटा रहे थे। इस बीच, सुधाकर ने कहा कि गैरकानूनी तरीके से विस्फोटक रखने वाले खदानों के मालिकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।